
हाथरस 02 अप्रैल । राष्ट्र निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 – हाथरस चैप्टर का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में जिले के 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 70 से अधिक शिक्षकों को उनकी शैक्षिक उत्कृष्टता और नेतृत्व क्षमता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीबीएसई डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर श्री जे.के. अग्रवाल (दून पब्लिक स्कूल) मौजूद रहे। शारदा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. संजय मिश्रा और डायरेक्टर आउटरीच श्री साईबल चटर्जी ने शिक्षकों की समाज निर्माण में भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।

आउटरीच प्रमुख आतिफ सिद्दीकी ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं। ऐसे समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। समारोह के दौरान शारदा यूनिवर्सिटी की शैक्षिक उपलब्धियों पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में नितिन भार्गव, रमेश और सुमित शर्मा का विशेष योगदान रहा। इस सफल आयोजन पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी.के. गुप्ता, प्रो-कुलाधिपति वाई.के. गुप्ता और कुलपति डॉ. परमानन्द ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।






















