
हाथरस 27 फरवरी । उप क्रीड़ा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी 13 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इस प्रतियोगिता में जनपद की टीम भेजने से पूर्व जिला स्तरीय चयन और ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया 28 फरवरी दिन शनिवार को प्रातः 9 बजे से जिला खेल कार्यालय, हाथरस के खेल मैदान पर आयोजित की जाएगी। इसमें जनपद के इच्छुक हॉकी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। जिला स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ी उसी दिन यानी 28 फरवरी को दोपहर 2 बजे से अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में आयोजित होने वाले मण्डलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन ही प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। उप क्रीड़ा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि चयन प्रक्रिया/ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति (Photocopy) लाना अनिवार्य है। बिना आधार कार्ड के किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।















