
हाथरस 25 फरवरी । सिकंदराराऊ के एक गांव में मंगलवार को शादी का माहौल उस समय तनाव में बदल गया, जब दुल्हन की मां और मामा ने विवाह का विरोध कर दिया। बारात पहुंचने के बाद भी शादी नहीं हो सकी और यह मामला कोतवाली तक जा पहुंचा। जानकारी के अनुसार, गांव की एक युवती की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों ने शादी करने का फैसला किया। चूंकि दोनों एक ही जाति के थे, युवती के माता-पिता ने भी इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी। मंगलवार को युवक बारात लेकर गांव पहुंचा। ढोल-नगाड़ों के साथ बारात का स्वागत होने ही वाला था कि अचानक स्थिति बदल गई। जैसे ही शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, युवती की मां और मामा ने विवाह से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बारातियों के साथ मारपीट की गई और युवती के साथ भी हाथापाई हुई। शादी का मंडप छोड़कर दोनों पक्ष सीधे कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में घंटों तक दोनों पक्षों के बीच बहस और पंचायत चलती रही। युवती महिला डेस्क पर बैठी रही और पुलिस उससे लगातार पूछताछ करती रही। इस घटना से गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों से बातचीत कर सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।















