
हाथरस 25 फरवरी । सिकंदराराऊ की अनल कॉलोनी में एक घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। पीड़िता गीता देवी ने इस चोरी का आरोप अपने पूर्व किरायेदारों पर लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गीता देवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 11 दिसंबर 2025 को अपने सोने के जेवरात, जिनमें पेंडल, मंगलसूत्र, अंगूठियां और कुंडल शामिल थे, घर के बक्से में ताला लगाकर सुरक्षित रखे थे। 16 फरवरी 2026 को जब उन्होंने भाई की शादी में शामिल होने के लिए बक्सा खोला, तो सभी आभूषण गायब मिले। पीड़िता के अनुसार, कन्नौज जनपद के सौरिख क्षेत्र निवासी प्रशांत कुमार और उनकी पत्नी शिवानी सितंबर 2025 से उनके मकान के ऊपरी हिस्से में किराए पर रह रहे थे। आरोप है कि 12 जनवरी 2026 को दोनों अचानक कमरा खाली कर अपने घर चले गए और तब से उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। गीता देवी, जो एक आशा कार्यकर्ता हैं, ने बताया कि वह अधिकांश समय घर से बाहर रहती थीं। इस दौरान किरायेदारों का घर में आना-जाना रहता था। उन्हें आशंका है कि उनके सोने के आभूषण उक्त किरायेदारों ने ही चुराए हैं।
कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। किरायेदारों के मोबाइल नंबरों के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।















