
अलीगढ़ 20 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज तथा जैव प्रौद्योगिकी एवं लाइफ साइंसेज विभाग द्वारा विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित राज्य फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एसएफएसएल) में कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को फॉरेंसिक विज्ञान की व्यावहारिक कार्यप्रणाली एवं विभिन्न वैज्ञानिक जांच प्रक्रियाओं से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को प्रयोगशाला के विभिन्न विभागों का विस्तृत अवलोकन कराया गया। एसएफएसएल की निदेशक मीनाक्षी महाजन ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फॉरेंसिक विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी मुकेश शर्मा ने डिजिटल फॉरेंसिक डिवीजन, दस्तावेज एवं फोटोग्राफी विभाग, बैलिस्टिक डिवीजन तथा सेरोलॉजी विभाग की जानकारी ने दी। वहीं सहायक निदेशक डा. सुरेंद्र पाल ने केमिस्ट्री एवं टॉक्सिकोलॉजी, साइकोलॉजी, वॉयस एनालिसिस तथा बायोलॉजी डिवीजन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। शैक्षणिक भ्रमण शिक्षक श्रेष्ठा उपाध्याय, डा. रवि शेखर व आयुषी शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
















