Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र से लापता हुईं तीन युवतियों को हाथरस पुलिस ने मात्र छह घंटे के भीतर दिल्ली के द्वारका-नजफगढ़ क्षेत्र स्थित एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवतियों को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली बुलाया गया था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि 19 और 20 वर्ष आयु की तीन युवतियों के लापता होने की सूचना शनिवार रात करीब नौ बजे यूपी-112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की और युवतियों की तलाश के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि तीनों में से दो युवतियां एक कॉल सेंटर में कार्यरत थीं, लेकिन 11 मई से वे नौकरी पर नहीं जा रही थीं। इस संबंध में उनके परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि तीनों युवतियां घर से कुछ नकदी लेकर निकली थीं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने युवतियों की लोकेशन ट्रेस की। जांच में उनकी मौजूदगी दिल्ली के द्वारका-नजफगढ़ क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल वहां दबिश दी और एक होटल से तीनों युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे बेहतर नौकरी की तलाश में दिल्ली गई थीं। इस दौरान उनकी मुलाकात कुछ युवकों से हुई, जिन्होंने उन्हें नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। पुलिस ने इस संबंध में पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं युवतियों को किसी अवैध गतिविधि या गलत काम में धकेलने की साजिश तो नहीं थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद युवतियों में से एक युवती दूसरे समुदाय से संबंधित है। तीनों युवतियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते युवतियों को सुरक्षित बरामद किया जा सका। इस सराहनीय कार्य के लिए अभियान में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। फिलहाल युवतियां पुलिस अभिरक्षा में हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवतियां दिल्ली कैसे पहुंचीं, होटल में ठहरने की व्यवस्था किसने की और उनके संपर्क में आए युवकों की भूमिका क्या रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page