Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई। बीज व्यवसाय को पारदर्शी, डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में नई व्यवस्था लागू की जा रही है। शासन के निर्देशों के क्रम में अब जनपद हाथरस में एक अगस्त 2026 से बीज उत्पादन, स्टॉक प्रबंधन, स्थानांतरण, बिक्री एवं वापसी की प्रक्रिया भारत सरकार द्वारा विकसित “साथी पोर्टल” के माध्यम से ही की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी ने बताया कि कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के सभी बीज वितरण एवं उत्पादक संस्थाओं, कंपनियों, फर्मों और सहकारी बिक्री केंद्रों को साथी पोर्टल के माध्यम से बीज कारोबार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी बीज डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर, बीज व्यवसायी एवं सहकारी बीज बिक्री केंद्रों के लिए साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जो व्यवसायी साथी पोर्टल पर पंजीकृत नहीं होंगे, उनके साथ किसी भी प्रकार का बीज व्यवसाय नहीं किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत बीज व्यवसायियों को साथी पोर्टल पर ही डिजिटल रूप से स्टॉक प्राप्ति, किसानों को बिक्री, स्टॉक स्थानांतरण और बीज वापसी का पूरा रिकॉर्ड दर्ज करना होगा। इसके साथ ही स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर को भी अद्यतन रखना अनिवार्य होगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि साथी पोर्टल पर प्रदर्शित स्टॉक, स्टॉक पंजिका में दर्ज स्टॉक और प्रतिष्ठान पर उपलब्ध वास्तविक भौतिक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। टीएल बीज का स्टॉक प्रबंधन, स्थानांतरण एवं बिक्री भी साथी पोर्टल के हॉलिस्टिक मॉड्यूल के माध्यम से ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी बीज उत्पादक एवं वितरण फर्मों को 31 जुलाई 2026 तक साथी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकृत (ऑन बोर्ड) होना होगा। निर्धारित समय तक पंजीकरण नहीं कराने वाली फर्मों के बीज अनुज्ञप्ति पत्र निरस्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा नए बीज लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले व्यवसायियों को शपथ पत्र देना होगा कि लाइसेंस प्राप्त होने के एक माह के भीतर वे साथी पोर्टल पर पंजीकरण करा लेंगे। वहीं बीज लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए साथी पोर्टल से प्राप्त फार्म-डी और बीज वितरण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बाद ही नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कृषि विभाग ने सभी बीज व्यवसायियों से समय सीमा के भीतर साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराकर नई डिजिटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page