Hamara Hathras

Latest News

प्रयागराज 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव विनोद राय ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है तथा सभी मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। परीक्षार्थी अंगूठी या माला पहनकर परीक्षा नहीं दे सकेंगे। बालिका विद्यालयों में महिला कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था अनिवार्य होगी और किसी भी स्थिति में पुरुष सदस्य बालिका परीक्षार्थियों की तलाशी नहीं लेंगे। स्ट्रॉन्ग रूम 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे और रिकॉर्डिंग छह महीने तक सुरक्षित रखी जाएगी। वेबकास्टिंग और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। परीक्षा कक्ष और स्ट्रॉन्ग रूम में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, हेडफोन, कैमरा और कैलकुलेटर पर रोक रहेगी। वॉलेट, हैंडबैग, लिखित कागज, अपारदर्शी ज्योमेट्री बॉक्स, भारी आभूषण और भोजन ले जाना भी प्रतिबंधित है। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना अनिवार्य होगा, देरी से प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रधानाध्यापक केंद्र व्यवस्थापक होंगे तथा प्रत्येक केंद्र पर एक बाहरी केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेगा। 50 प्रतिशत स्टाफ बाहरी विद्यालयों से लगाया गया है। किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई की जाएगी। सॉल्वर पकड़े जाने पर परीक्षार्थी और सहयोगियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे संतुलित दिनचर्या अपनाएं, पर्याप्त नींद लें, सोशल मीडिया से दूरी रखें और नियमित अंतराल पर पढ़ाई के बीच विश्राम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page