Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 10 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय और प्रतिष्ठित प्रोफेशनल सर्विस फर्म ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी के बीच विद्यार्थियों को उद्योग-उन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। समझौता पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह व ग्रांट थॉर्नटन की ओर से मैनेजर विनय कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस शैक्षणिक साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स, जनरेटिव एआई तथा साइबर सिक्योरिटी फंडामेंटल्स जैसे आधुनिक और रोजगारपरक विषयों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण ई-लर्निंग, ऑनलाइन लाइव सेशन तथा कक्षा शिक्षण के माध्यम से दिया जाएगा।
एमओयू के अनुसार, ग्रांट थॉर्नटन भारत ज्ञान साझेदार के रूप में अनुभवी विषय विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण सत्रों का संचालन करेगा और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराएगा। विशेष रूप से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को दो माह तक इंटर्नशिप या लाइव प्रोजेक्ट का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। विश्वविद्यालय द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण, आवश्यक शैक्षणिक संसाधन एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार तथा समन्वय की जिम्मेदारी भी निभाएगा।

कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा अकादमिक और उद्योग जगत के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के उद्योग सहयोग विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाते हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि यह समझौता मंगलायतन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा। इस अवसर पर प्रो. राजीव शर्मा, प्रो. सिद्धार्थ जैन, प्रो. मनोज वार्ष्णेय, डा. लव मित्तल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page