
हाथरस 03 फरवरी । शब-ए-बरात पर्व के अवसर पर नगर में शांति, स्वच्छता एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर मुस्लिम समाज द्वारा प्रशासन से आवश्यक प्रबंध कराने की मांग की गई है। मुस्लिम इन्जामिया कमेटी हाथरस के सदर राहत अहमद कुरैशी द्वारा उपजिलाधिकारी सदर को प्रेषित पत्र में अवगत कराया गया है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 03 फरवरी 2026, मंगलवार को शब-ए-बरात का त्योहार पूरी रात अल्लाह तआला की इबादत में मनाया जाएगा तथा शहर की सभी मस्जिदों एवं कब्रिस्तानों में लोगों का आवागमन रहेगा। पत्र के माध्यम से नगर की समस्त मस्जिदों व कब्रिस्तानों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट व विद्युत पोलों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई है। साथ ही कामरेड भगवानदास मार्ग, मुस्तान गेट, हाथरस एवं कब्रिस्तान के अंदर पोल लगे लट्टुओं पर मरकरी या सीएफएल बल्ब लगाए जाने का अनुरोध किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
















