
हाथरस 16 जनवरी । हाथरस डिपो ने अब बरसाना के लिए दो बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया है। इससे पहले इस मार्ग पर केवल एक बस ही संचालित हो रही थी। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब इस मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ा दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार, पहली बस सुबह 8 बजे और दूसरी बस दोपहर 1 बजे हाथरस से बरसाना के लिए रवाना होगी। इससे सुबह और दोपहर दोनों समय दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वहीं, वापसी यात्रा के लिए भी सीधे बस सेवा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को आसानी होगी। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि बरसाना स्थित राधारानी मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। अब तक श्रद्धालुओं को निजी बस, टेंपो या अन्य निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें अधिक किराया देना पड़ता और समय एवं सुरक्षा की समस्या होती थी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में यात्रियों की संख्या और बढ़ती है, तो बस सेवा का और विस्तार किया जा सकता है।

















