सादाबाद (सहपऊ) 01 जून । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहपऊ पर सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 59 गर्भवती महिलाओं ने अपनी जांच के लिए पंजीकरण कराया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह ने बताया कि जांच के लिए आई महिलाओं में से 13 महिलाओं ने प्रथम बार गर्भधारण किया था, जिनका योजना के अंतर्गत पंजीकरण भी किया गया। बेहतर स्वास्थ्य निगरानी के उद्देश्य से 50 गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 12 महिलाएं उच्च जोखिम गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) श्रेणी में चिन्हित की गईं। इन महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में प्रसव कराने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सीएचसी पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित जांच, सुरक्षित प्रसव और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. पूजा कपूर, तुलसी, गार्गी शर्मा, रीना, सीमा एवं चंचल पाल सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

























