Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 सितम्बर। आगामी 54वें श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव 2026 को लेकर श्री सिद्धपीठ गणेश मंदिर, हरी पर्वत, तरफरा रोड, हाथरस में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। मंदिर को सजाने-संवारने के लिए बाहर से विशेष रूप से अनुभवी कारीगर बुलाए गए हैं, जो मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों को आकर्षक रूप प्रदान करने में जुटे हुए हैं। तैयारियों को देखकर श्रद्धालुओं में भी गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर उत्साह नजर आने लगा है। मंदिर व्यवस्थापक पं. रोहित शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 54वें श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव को भव्य और श्रद्धापूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आने वाले दिनों में मंदिर परिसर की विशेष सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 2026, सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर श्री सिद्ध गणेश जी महाराज के विशेष दर्शन एवं पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान गणेश जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए भव्य फूल बंगला श्रृंगार भी कराया जाएगा। महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए सायं 5 बजे से प्रसादी वितरण शुरू किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन द्वारा बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों के बीच आगामी दिनों में यहां विशेष सजावट और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला देखने को मिलेगा। गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page