Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अगस्त। 45वें श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज छड़ी मेला महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर आज  6 अगस्त को एक धर्मशाला, सादाबाद गेट, हाथरस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार वार्ष्णेय ने की। इस दौरान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विष्णु कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि इस वर्ष बाबा श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज का 45वां छड़ी मेला महोत्सव भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त 2026, शुक्रवार को दोपहर 4 बजे लाला के नगला स्थित बाबा श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज मंदिर से मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद विशाल शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी और रात्रि में अंगुमल धर्मशाला, सादाबाद गेट पर इसका समापन होगा। शोभायात्रा के समापन के बाद बाबा का भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा।

अध्यक्ष ने बताया कि इस बार मेले में तीन दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी, जो श्रद्धालुओं और नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं 8 अगस्त 2026 को बाबा की प्रसादी का विशाल आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से प्रसादी कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है। प्रेस वार्ता में समिति अध्यक्ष विष्णु कुमार वार्ष्णेय, मोहनलाल वार्ष्णेय, योगेश शर्मा, ललित कुमार, पवन कुमार गुप्ता, योगेश वार्ष्णेय सहपऊ वाले, लव कुमार वार्ष्णेय, मोहनलाल गोस्वामी, अनिल वार्ष्णेय, चंदन, मोहित, दीपक शर्मा, नीरज जैसवाल, तुलसी गोस्वामी, राकेश गुप्ता, आनंद वार्ष्णेय, योगेश शानू सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर बाबा श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page