
हाथरस 23 सितम्बर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर पर आगामी 25 सितंबर शुक्रवार को देशभर में आयोजित होने वाले सामूहिक गायन कार्यक्रम को लेकर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी हाथरस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी पत्रकारों को दी। वक्ताओं ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर में एक लक्ष्य, एक स्वर और एक लय के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व से समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत रहा है तथा इसके माध्यम से मातृभूमि के प्रति सम्मान, कर्तव्य, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाता है। प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के संदर्भ में स्वदेशी भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों के पालन और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक गायन के माध्यम से समाज में सामूहिकता और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रेस वार्ता में शरद तिवारी, मंत्री मातृ संस्था एवं उपाध्यक्ष सरस्वती विद्या मंदिर लेबर कॉलोनी तथा अध्यक्ष सरस्वती विद्या मंदिर आगरा मार्ग, मनोज अग्निहोत्री, प्रबंधक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लेबर कॉलोनी और लोकेंद्र नाथ शर्मा, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लेबर कॉलोनी ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए और आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इस अवसर पर संकुल के प्रधानाचार्य देवेश समाधिया (आगरा मार्ग), अनिल चौहान (सिकंद्राराऊ), प्रताप सिंह चौहान (मुरसान), निरंजन लाल (सरस्वती शिशु मंदिर सिकंद्राराऊ), विद्यालय के मीडिया प्रभारी सतेन्द्र प्रताप सिंह तथा छायाकार निखिल वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









