Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 31 मई । उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। इस संबंध में शासन द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। राजीव कृष्ण अब तक कार्यवाहक डीजीपी के रूप में उत्तर प्रदेश पुलिस की कमान संभाल रहे थे। राजीव कृष्ण ने तत्कालीन डीजीपी प्रशांत कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यवाहक डीजीपी का पदभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व वह डीजी विजिलेंस तथा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पुलिस विभाग में उनकी पहचान एक अनुभवी, अनुशासित और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में रही है। गौतमबुद्ध नगर निवासी राजीव कृष्ण ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। तीन दशक से अधिक लंबे पुलिस सेवाकाल में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण इकाइयों में अपनी सेवाएं दी हैं। आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में उनका कार्यकाल विशेष रूप से चर्चित रहा। इस दौरान उन्होंने संगठित अपराध और अपहरण गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, विजिलेंस विभाग तथा पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में कार्य करते हुए उन्होंने प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत सुधारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। राजीव कृष्ण की नियुक्ति को उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन में उनके व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता से कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page