Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 मई। स्वास्थ्य विभाग एवं स्वर्गीय डॉ. एस.एन. मेहरोत्रा मेमोरियल ईएनटी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में कोक्लियर इंप्लांट स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का उद्देश्य जन्मजात श्रवण एवं वाणी बाधित बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगाना और उन्हें सुनने-बोलने की क्षमता प्रदान करने की दिशा में आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना था।

प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित इस कैंप में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 26 मूक-बधिर बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। परीक्षण के उपरांत 16 बच्चों को कोक्लियर इंप्लांट के लिए उपयुक्त पाया गया। इन बच्चों का शीघ्र ही Kanpur में निःशुल्क कोक्लियर इंप्लांट कराया जाएगा, जिससे वे सुनने और बोलने की दिशा में नई शुरुआत कर सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने कहा कि इस प्रकार के शिविर मूक-बधिर बच्चों के जीवन में नई रोशनी और नई आवाज़ देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन बच्चों को जन्म से सुनने या बोलने में कठिनाई हो, उनकी समय रहते जांच अवश्य कराएं, ताकि उचित उपचार के माध्यम से उनका भविष्य संवारा जा सके। कैंप में नोडल अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, डीपीएम बलवीर सिंह वर्मा, डॉ. अवधेश वार्ष्णेय, मोहम्मद आमिर तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page