
हाथरस 26 जुलाई। कोतवाली सदर क्षेत्र में एक महिला ने अपने पिता और भाई पर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने तथा जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रीति पत्नी पवन चौधरी निवासी सासनी रोड, थाना इगलास (जनपद अलीगढ़) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने 14 वर्षीय पुत्र मयंक के साथ रुपनगर वसुंधरा एनक्लेव के पास अपने पिता रघुवीर सिंह के यहां रह रही है। उनका आरोप है कि जब भी वह अपने ससुराल जाने की बात करती हैं, उनके पिता रघुवीर सिंह और भाई मनोज उनके साथ मारपीट करते हैं तथा उन्हें घर में बंद कर देते हैं। पीड़िता के अनुसार 24 जुलाई की शाम भी पिता और भाई ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटें और नील पड़ गए। आरोप है कि पिता ने दोनों हाथों से उनकी गर्दन दबा दी, जिससे उनका दम घुटने लगा, जबकि भाई मनोज ने उनके पैर पकड़ लिए। इस दौरान वह बेहोश हो गईं। होश आने के बाद प्रीति अपने पुत्र के साथ कोतवाली सदर पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





