Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जुलाई। जिले में आगामी पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। 18 से 22 जुलाई के बीच आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज आंधी, तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 21 और 22 जुलाई के लिए भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के साथ 22 जुलाई तक अधिकतम तापमान घटकर 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार हवा में 70 से 88 प्रतिशत तक नमी रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ तेज झोंके भी चलने की संभावना है, जिनकी गति सामान्य से 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटा अधिक हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि 20 से 25 दिन की तैयार धान की पौध की रोपाई शीघ्र पूरी कर लें, ताकि संभावित बारिश का पूरा लाभ फसल को मिल सके। साथ ही खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की भी सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page