
हाथरस 12 अगस्त। दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड, हाथरस के शिविर में विश्व शांति, आपसी भाईचारे और सद्भावना की कामना को लेकर श्री विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रावण मास कृष्ण पक्ष अमावस्या, संवत 2083, बुधवार को 12 अगस्त को आयोजित यज्ञ में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और हवन में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम श्री गणेश जी की विधि-विधान से स्थापना एवं पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मंत्रोच्चारण के बीच चारों वेदों—ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद—की चार कलशों में स्थापना की गई। श्री वेद भगवान के चित्रपटों को पुष्प मालाओं से सजाया गया तथा वेदों के कलशों को अंगवस्त्र एवं फूल मालाओं से सुशोभित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं का भी स्वागत किया गया। आचार्य रूपरापम शर्मा, आचार्य बागीष दत्त गौड़ तथा श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा के सानिध्य में पूर्व विधायक राजीव दिवाकर एवं उनकी धर्मपत्नी तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी को मुख्य यजमान के रूप में पीत पट्टिका एवं पुष्प मालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री जयशंकर पाराशर ‘बबलू’, पं. सत्येंद्र स्वरूप शर्मा एवं पं. देव स्वरूप शर्मा ने भी सहभागिता की। लक्ष्मी नारायण के निमित्त भी हवन यज्ञ किया गया।
यज्ञ में विष्णु यज्ञ की 1101 आहुति, लक्ष्मी नारायण के निमित्त 501 आहुति तथा गायत्री मंत्र की 101 आहुति दी गईं। विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति संपन्न होने के बाद विष्णु यज्ञ का समापन हुआ। आयोजन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में श्री जयशंकर पाराशर ‘बबलू’ एवं पं. देव स्वरूप शर्मा का विशेष योगदान रहा। यज्ञ के दौरान श्री वेद भगवान, नारायण एवं लक्ष्मी भगवान के जयकारों से पूरा परिसर गूंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो’ जैसे उद्घोषों के साथ गौ माता, बलदाऊ जी महाराज, रेवती मैया एवं देवी-देवताओं के जयकारे लगाए। ‘पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इसके साथ ही विश्व शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारे की मंगलकामना के साथ विष्णु यज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ।









