Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। बागला डिग्री कॉलेज में आज “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य एवं सारगर्भित आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एवं प्रदेशीय विकास के समसामयिक मुद्दों के प्रति जागरूकता पैदा करना, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति उन्हें जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छौंकर ने की। हाथरस गेट थाना प्रभारी नितिन कसाना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. दीपा ग्रोवर रहीं तथा संचालन डॉ. अंजुला ने किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश विषय के विभिन्न आयामों पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने विकास, शिक्षा, युवाओं की भूमिका, तकनीकी प्रगति, रोजगार, आधारभूत ढांचा, सामाजिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर तार्किक ढंग से अपने पक्ष प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अंजलि पोनिया, पलक गोस्वामी, रेनू कुमारी, कुलदीप दीक्षित, खुशी कौशिक, विधि शर्मा, विशाल कुमार, रेनू सिंह एवं अभिषेक राजपूत ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों की विषय पर पकड़, तर्क क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और प्रभावी वक्तृत्व ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य अतिथि प्रेम सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकासपरक पहलों का उल्लेख करते हुए उनके प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए आर्थिक विकास के साथ शिक्षा, तकनीक, आधारभूत संरचना, रोजगार, सामाजिक विकास और जनभागीदारी को भी समान महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका तथा देश के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश को देश के विकास का इंजन बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के विकास में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि नितिन कसाना ने विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार, अनुशासन और सकारात्मक सोच को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जाए तो विकास की गति को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने तथा देश एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छौंकर ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया और प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय जिम्मेदारी, तार्किक चिंतन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय राष्ट्र एवं राज्य निर्माण में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाता रहेगा।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. सत्यदेव पचौरी, डॉ. ऋषिकांत एवं डॉ. डीके दीक्षित शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विषय-ज्ञान, तर्क क्षमता, प्रस्तुतीकरण, भाषा एवं अभिव्यक्ति सहित निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अंजलि पोनिया ने प्रथम, पलक गोस्वामी ने द्वितीय तथा खुशी कौशिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वाद-विवाद समिति के प्रभारी डॉ. कमलेश कुशवाहा एवं डॉ. विनीत सिंह तथा सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. विमलेश, डॉ. किरण चौधरी एवं डॉ. प्रेम किशोर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में प्रो. सुनंदा महाजन, डॉ. लख्मी चंद्र, डॉ. रमा शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकगण एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय विकास के प्रति जागरूकता, तार्किक सोच और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के साथ “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की संकल्पना पर संवाद का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page