Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने तथा बैंक कर्मचारियों से जुड़े लंबित (Residual) मुद्दों का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग को लेकर हाथरस में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का आयोजन शाम 5:15 बजे इंडियन ओवरसीज बैंक, गैलेक्सी होटल के सामने, आगरा रोड पर किया गया। इसमें विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित अन्य लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग प्रमुख है। उनका कहना था कि आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा। साथ ही बैंकिंग कार्यप्रणाली को भी अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। वक्ताओं ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग के साथ बैंक कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का भी शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने UFBU द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

इस अवसर पर UFBU हाथरस के जिला संयोजक पुष्पांकर जैन ने कहा कि बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग केवल कर्मचारियों से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि बदलते बैंकिंग परिवेश में कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक और संतुलित बनाने से भी संबंधित है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सहित लंबित मुद्दों के समाधान के लिए बैंकिंग संगठनों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को पूरी मजबूती के साथ समर्थन दिया जाएगा। इस दौरान “संघर्ष ही हमारी पहचान है और एकता ही हमारी ताकत है” के संदेश के साथ कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अजय कुमार, जिला मंत्री राजेंद्र सिंह, यूपी बैंक एम्पलाइज यूनियन से प्रवीन कुमार, अशोक यादव, के. शर्मा, अमन, ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष संजीव, विश्वनाथ कुमार, निशान वाष्र्णेय, भीकम सिंह, नरेंद्र कुमार, रमाकांत, विष्णु कुमार, सतीश, अश्विनी, श्रेया, पंकज, एसबीआई से सौरभ, शंकर लाल, राहुल, राजवीर सिंह, प्रवीण, किशन, सुरेश एवं राज कुमार सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page