Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति को लेकर चार्ज ऑफिसर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण के तहत होने वाले विभिन्न कार्यों, कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण, क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय तथा कार्यों की नियमित निगरानी की समीक्षा की गई। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा, जबकि नागरिकों की सुविधा के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके माध्यम से व्यक्तिगत, जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, प्रवास, प्रजनन सहित अन्य आवश्यक जानकारियां संकलित की जाएंगी। इन प्रश्नों में नाम, परिवार से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता, मातृभाषा, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, उद्योग, कामगार की श्रेणी, जन्म स्थान, अंतिम निवास स्थान, प्रवास का कारण एवं अवधि, स्थायी पता, बच्चों से संबंधित जानकारी तथा कोविड टीकाकरण, बैंक खाता, मोबाइल, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े विवरण शामिल हैं। जिला जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज ऑफिसर्स को निर्देशित किया कि स्व-गणना एवं द्वितीय चरण की जनगणना के संबंध में आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए व्यापक स्तर पर जागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सारिणी के अनुरूप पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने चार्ज ऑफिसर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, चार्ज ऑफिसर्स तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page