
हाथरस 26 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के नगला गजुआ के निकट खेत के रास्ते में पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि नगला गजुआ के पास स्थित एक निजी कंपनी में ई-रिक्शा बनाने का कार्य होता है। कंपनी में कार्यरत मजदूर खेतों के रास्ते से सामान लेकर आते-जाते हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति ने इस रास्ते पर पानी भर दिया, जिससे मजदूरों के आने-जाने में परेशानी होने लगी। मजदूरों द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट में पवन कुमार राना, नीरज राना, राजेंद्र सिंह राना और हरप्रसाद राना घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और घायलों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





