
हाथरस 14 सितम्बर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की ओर से चलाए गए विशेष ऋण निपटान अभियान में पुराने एनपीए (NPA) ऋण खाताधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के तहत बैंक ने आपसी सहमति एवं नियमानुसार समझौते के माध्यम से 3 करोड़ 2 लाख रुपये के पुराने ऋण खातों का निस्तारण कराया। बैंक के मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के चलते समय पर ऋण की किस्त जमा नहीं कर पाने वाले ग्राहकों को राहत प्रदान करना तथा उन्हें नियमानुसार उपलब्ध समझौता सुविधा का लाभ दिलाना था। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहकों ने आगे आकर अपने पुराने बकाया ऋणों का समाधान कराया। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिकंदराराऊ तहसील क्षेत्र के ऋण खाताधारकों के लिए सिकंदराराऊ शाखा में विशेष अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की गई। इसका ग्राहकों ने भरपूर लाभ उठाया। अकेले सिकंदराराऊ क्षेत्र में 1 करोड़ 12 लाख रुपये के एनपीए ऋण खातों का समझौते के माध्यम से निस्तारण कराया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान दीवानी कचहरी, हाथरस तथा बैंक की विभिन्न शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया, जिससे ऋण संबंधी मामलों के त्वरित समाधान में मदद मिली। बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक हिमांशु शर्मा ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जनपद न्यायाधीश माननीय विनय कुमार, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं उप जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों के हित में भविष्य में भी इस प्रकार के ऋण निपटान अभियान आयोजित करता रहेगा। उन्होंने उन सभी ग्राहकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बैंक के साथ सहयोग करते हुए अपने पुराने ऋणों का निस्तारण कराया और अपने वित्तीय दायित्वों को पूरा किया। अभियान को सफल बनाने में बैंक अधिकारियों दीपक वार्ष्णेय, धर्मेंद्र कुमार, के.पी. सिंह, राजीव कुमार, आलोक मित्तल, नीरज उपाध्याय, विवेक अग्रवाल, नरेश कुमार, लाखन सिंह एवं आशीष उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।










