
हाथरस 04 नवंबर। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हाथरस पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार, 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में थाना पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई। पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन, व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों को आगाह किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट एवं संदेश प्रसारित करने से बचें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील भी की गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।







