
हाथरस 30 अक्टूबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के हतीसा के निकट पिछले दिनों ट्रेन की चपेट में आने से मृत युवक के शव की शुक्रवार को शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मालेन गली, लखपति मोहल्ला निवासी दीपक शर्मा (पुत्र सुरेश चंद्र शर्मा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीपक शर्मा गाड़ी चलाने का काम करता था और करीब तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को मृतक की पहचान होने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की बहन के अनुसार, दीपक पिछले कुछ समय से घरेलू कारणों के चलते परेशान चल रहा था। वह अविवाहित था। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।










