

हाथरस 30 अक्टूबर। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिले के 1.68 लाख किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की धनराशि पहुंची।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि और इसके लाभों की जानकारी दी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख हाथरस पूनम पांडेय और मुरसान के ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने योजना का लाभ पाने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही किसानों को सरसों और मसूर के मिनीकिट भी वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ड्रिप इरिगेशन तकनीक के माध्यम से शाक-भाजी की खेती करने और कम पानी में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अधिक लाभ कमाने की सलाह दी। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी पीएन यादव, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।










