
हाथरस 13 जुलाई। प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में आज को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण छोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी विभागों के चिकित्सकों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने कॉलेज परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।











