
हाथरस 05 अगस्त। शहर में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर आज विभिन्न ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक लगातार नो-एंट्री लागू रहने के कारण माल की लोडिंग-अनलोडिंग और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नो-एंट्री के चलते मंडी, फैक्ट्री और दुकानों तक समय से माल नहीं पहुंच पा रहा है। ट्रांसपोर्टरों ने पूर्व में लागू व्यवस्था को बहाल करने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक तथा शाम तीन बजे से पांच बजे तक भारी वाहनों को नो-एंट्री से छूट दी जाए, जिससे माल की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। उन्होंने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करने की बात कही। ज्ञापन देने वालों में राहुल गुप्ता, अनिल वार्ष्णेय, रवि वार्ष्णेय, तरुण पंकज, नवजोत शर्मा, राम कुमार गौड़ सहित विभिन्न ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।








