
हाथरस 25 जुलाई। जेटीआरआई, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार जनपद न्यायालय, हाथरस में कर्मचारियों के सतत सीखने के उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में रीडर अनिल दीक्षित एवं रीडर राजकुमार ने इंटरपर्सनल रिलेशनशिप, कम्युनिकेशन स्किल, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, लीडरशिप स्किल, टीम बिल्डिंग एवं एथिकल फाउंडेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक सफलता के लिए आपसी संबंध, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता अत्यंत आवश्यक हैं। इन गुणों से व्यक्ति का व्यक्तित्व सशक्त होता है और वह एक अच्छा टीम लीडर बन सकता है। उन्होंने दूसरों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने और समझने को एक सफल एवं संवेदनशील व्यक्तित्व की पहचान बताया। प्रशिक्षण के दौरान सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जनपद न्यायालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।










