सादाबाद (सहपऊ) 03 अक्टूबर। कोतवाली सहपऊ क्षेत्र के गांव थरौरा में सरकारी नल से पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने पानी लेने का विरोध करते हुए महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। महिला के पति और बेटे के बीच-बचाव करने पर आरोपित ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में तीनों घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव थरौरा निवासी आशा देवी पत्नी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो अक्टूबर की दोपहर वह गांव में चंद्रकांत पुत्र कालीचरन के चबूतरे पर लगे सरकारी नल से पानी भर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान चंद्रकांत ने पानी लेने का विरोध किया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर आशा देवी के पति राजेंद्र सिंह और पुत्र तनिष्क कुमार मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान चंद्रकांत ने ईंट उठाकर राजेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया। ईंट लगने से उनके सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा। आशा देवी के अनुसार उनका बेटा तनिष्क कुमार जब पिता को बचाने के लिए आगे आया तो आरोपी ने उसके साथ भी डंडों से मारपीट की। हमले में तनिष्क के हाथ-पैर और सिर में चोटें आईं। मारपीट के दौरान आशा देवी के कान का टॉप्स भी कहीं गिरकर खो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चला गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आशा देवी की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




