
सिकंदराराऊ 26 मई । कस्बे के गढ़िया इकबालपुर स्थित मंडी समिति के पास सोमवार देर रात निर्माणाधीन हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वृंदावन से भंडारा करके बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं की इको कार गलत दिशा में पहुंचने और यू-टर्न लेते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार छह श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार बदायूं जनपद के थाना दातागंज क्षेत्र के सरदालागंज निवासी श्रद्धालु वृंदावन से भंडारा करके इको कार से वापस लौट रहे थे। कल रात करीब 11:30 बजे हाथरस-सिकंदराराऊ रोड पर सड़क निर्माण कार्य एवं डायवर्जन के कारण चालक रास्ता भटक गया और पंत चौराहे से एटा रोड की ओर निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब चालक अमित कुमार सिंह गांव गढ़िया इकबालपुर के पास कार को वापस पंत चौराहे की ओर मोड़ रहा था, तभी एटा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने इको कार में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पीछे बैठी महिला श्रद्धालु वाहन में बुरी तरह फंस गईं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। घायलों में रीता देवी, सुमित सिंह, अनामिका, अमित कुमार सिंह, कुमारी निशा एवं पूनम शामिल हैं। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।


























