हाथरस (मुरसान) 22 मई । कस्बा मुरसान के मोहल्ला किला के निकट खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में कराया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया है।
महेंद्र सिंह निवासी मोहल्ला किला मुरसान ने बताया कि आज सुबह उनके पड़ोसी तेजवीर उर्फ गोला खेत पर आकर गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों को बुलाकर मारपीट की। मारपीट में महेंद्र सिंह के तीन बेटे वीरेश, पंकज और उमेश घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






















