सादाबाद 06 जुलाई। गोवंश संरक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और गौशालाओं के संचालन खर्च को नियंत्रित करने के उद्देश्य से तहसील प्रशासन ने निरीक्षण अभियान शुरू किया है। आज शाम को उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी और खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने गांव कुरसंडा, नसीरपुर और करसौरा स्थित गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा, जिसके बाद समायोजन की कार्ययोजना लागू की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौवंशों की संख्या, चारे-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई, रखरखाव और पशुओं के स्वास्थ्य का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि जिन गौशालाओं में 100 से कम गोवंश हैं, उनका बड़ी एवं बेहतर सुविधाओं वाली गौशालाओं में समायोजन किया जाएगा। इसके लिए ऐसी गौशालाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जहां तक पहुंचने का मार्ग सुगम हो, चारे की पर्याप्त व्यवस्था हो, केयरटेकर नियमित रूप से गोवंशों की देखभाल करते हों और पशु चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी करती हो। उन्होंने कहा कि समायोजन से गोवंशों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शासन द्वारा गौशालाओं पर किए जा रहे व्यय का भी अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। निरीक्षण अभियान पूरा होने के बाद रिपोर्ट तैयार कर शासन की मंशा के अनुरूप समायोजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


























