Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/सहपऊ 05 जुलाई। क्षेत्र के गांव मढ़ाका में शुक्रवार रात एक ही परिवार की दो बेटियों की शादी के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बड़ी बेटी का दूल्हा कथित रूप से शराब के नशे में स्टेज पर पहुंच गया। दुल्हन ने दूल्हे की हालत देखकर वरमाला पहनाने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः बारात बिना दुल्हन के लौट गई, जबकि छोटी बेटी की शादी तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार गांव मढ़ाका निवासी संजय ने अपनी बड़ी बेटी का विवाह वृंदावन के निकट गांव सुनरख निवासी अरविंद पुत्र सतीश चंद्र तथा छोटी बेटी का विवाह रुहेरी क्षेत्र के गांव नया नगला निवासी संकेत पुत्र वासुदेव के साथ तय किया था। शुक्रवार रात दोनों बारातें एक साथ पहुंचीं और दोनों बेटियों के लिए अलग-अलग स्टेज बनाए गए थे। आरोप है कि जब बड़ी बेटी वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंची तो दूल्हा नशे की हालत में था। दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे ने उसका हाथ जोर से पकड़ लिया। विरोध करने पर उसने अभद्र व्यवहार किया। दुल्हन का यह भी आरोप है कि दूल्हे ने काफी शराब पी रखी थी और उसके साथ मौजूद एक युवती भी उसे बार-बार परेशान कर रही थी। इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता का आरोप है कि वृंदावन से आई बारात में कई बाराती शराब के नशे में थे और दूल्हे के पिता भी नशे की हालत में थे। दुल्हन के इंकार के बाद बाराती अपने कपड़े और जेवर आदि लेकर वापस लौट गए। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने निर्णय पर अडिग रही। इसके बाद बड़ी बेटी की शादी रद्द कर दी गई। वहीं, परिवार ने छोटी बेटी का विवाह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया और उसकी विदाई भी कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में शराब के सेवन पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page