
हाथरस 03 अक्टूबर। गांव लहरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ की 134वीं जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि समारोह श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत सांसद सहित उपस्थित गणमान्यजनों और ग्रामीणों ने स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, साहस और समर्पण सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना हम सभी का दायित्व है।
समारोह में विश्व हिंदू परिषद की प्रांत संगठन मंत्री संध्या आर्य, उमाकांत, देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल एवं अभिषेक रंजन आर्य सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी चंद्रपाल सिंह ने की, जबकि संचालन जगदीश आर्य ने किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रवीण उपाध्याय एवं प्रभाकर शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य सुरेंद्र शर्मा तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन की जिला अध्यक्ष रजनी तोमर सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान छेदा लाल मूढ़ द्वारा रचे अथवा गाए गए गीत, कविताओं और छंदों को भी उपस्थित जनसमूह के सामने प्रस्तुत किया गया। वहीं, स्वतंत्रता आंदोलन में छेदा लाल मूढ़ के साथ भाग लेने वाले अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने भी समारोह में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।










