
हाथरस 08 जुलाई। जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रशासन के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित जांच टीम ने नगर क्षेत्र की छह उचित दर (राशन) दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण एवं आवश्यक वस्तुओं के स्टॉक का सत्यापन किया। जांच के दौरान कमलेश वार्ष्णेय (खंदारी गढ़ी, विष्णुपुरी), भानू प्रताप सिंह (कैलाश नगर), शंकरलाल (लक्ष्मी नगर), आशा जैन (लक्ष्मी नगर), विष्णु शर्मा (चूड़ी वाली गली) तथा मीरा देवी (तरफरा नया बांस) की उचित दर दुकानों का निरीक्षण किया गया। सत्यापन में भानू प्रताप सिंह एवं शंकरलाल की दुकानों पर उपलब्ध समस्त आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक नियमानुसार सही पाया गया। वहीं, कमलेश वार्ष्णेय एवं आशा जैन की दुकानों पर आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक निर्धारित मात्रा से कम मिलने पर उनके उचित दर दुकान के अनुबंध निलंबित करने की कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा विष्णु शर्मा एवं मीरा देवी की दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक निर्धारित मात्रा से अधिक पाए जाने पर दोनों उचित दर विक्रेताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले उचित दर विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




















