सिकन्दराराऊ 02 अक्टूबर। कासगंज रोड पर गांव खेमगड़ी के निकट गुरुवार देर रात करीब 11 बजे ट्रक और प्राइवेट एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन लाल पुत्र भगवान सिंह (45 वर्ष), निवासी बसंत नगर, थाना सोरों, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोशन लाल प्राइवेट एंबुलेंस चलाता था और कासगंज से सिकंदराराऊ के बीच मरीजों को लाने-ले जाने का काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात रोशन लाल कासगंज रोड स्थित कलावती हॉस्पिटल में एक सवारी को छोड़ने के बाद एंबुलेंस लेकर वापस कासगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव खेमगड़ी के निकट सामने से आ रहे ट्रक से उसकी एंबुलेंस की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। रोशन लाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा शव के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










