सिकंदराराऊ 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार (5 जून) को सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नगला रती में “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान के तहत एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित क्षेत्रीय विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने खुद पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम — प्रकृति के प्रति सम्मान, भविष्य के प्रति जिम्मेदारी है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण करना हम सभी का परम नैतिक दायित्व है। वृक्ष न केवल हमें जीवनदायिनी प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर पर्यावरण का मजबूत आधार भी हैं। विधायक ने क्षेत्रवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और अपनी धरती को हरा-भरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में अपना गिलहरी योगदान दें।
महाअभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, देवतुल्य कार्यकर्ता और क्षेत्र के तमाम सम्मानित नागरिक मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण को बचाने का सामूहिक संकल्प लिया। वृक्षारोपण के इस पुनीत कार्य के दौरान विधायक के साथ मुख्य रूप से गिरीश मोहन गुप्ता, प्रवेश परमार, ओजवीर सिंह राणा, सचिन दीक्षित, मुकुल गुप्ता, नितिन पुंढीर, रानू चौहान, विनय कुमार, सुरेश चौहान, मोहित बघेल और निर्मलदास वाल्मीकि सहित भारी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गांव में विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार पौधे रोपे।
























