
हाथरस 23 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज के प्रांगण में मंगलवार रात अखिल भारतीय कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया, जो बुधवार सुबह तक चला। देश के विभिन्न शहरों से पहुंचीं कवयित्रियों ने देशभक्ति, ओज, हास्य और श्रृंगार रस से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की स्तुति के साथ हुआ। कवयित्री मीरा दीक्षित ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद स्थानीय गायिका प्राची पाठक ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर शहीदों को नमन किया। यह प्रस्तुति वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई। कवयित्रियों की देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं ने पंडाल में उत्साह का माहौल बना दिया। तिरंगे और मातृभूमि को समर्पित कविताओं पर श्रोताओं ने तालियों से कवयित्रियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं हास्य और श्रृंगार रस की रचनाओं ने भी श्रोताओं का खूब मनोरंजन किया। सम्मेलन में सहारनपुर से मंजरी मनोज, कानपुर से शिखा सिंह, शिकोहाबाद से अपराजिता सिंह, प्रतीक्षा सिंह और सुहानी खेर, आगरा से निभा चौधरी, एटा से अलका अद्भुत तथा अलीगढ़ से ऋतुका राधिका और गीतू महेश्वरी ने काव्य पाठ किया। कवयित्री मंजरी मनोज और आशु कवि अनिल बौहरे के बीच हास्यपूर्ण संवाद भी हुआ, जिस पर पंडाल में जमकर ठहाके गूंजे। कवयित्री मीरा दीक्षित ने मंच संचालन किया, जबकि आशु कवि अनिल बौहरे ने कवयित्रियों को मंच पर आमंत्रित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। कवयित्रियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत भी किया गया।







