Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 06 सितम्बर। आज दोपहर सादाबाद-जलेसर मार्ग पर आरएल धर्मकांटा और श्रीराम धर्मकांटा के बीच तेज रफ्तार टेंपो ने सड़क किनारे चर रही भेड़ों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में दो भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल भेड़ों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। बताया गया कि गांव पीहुरा के मजरा नगला बघेल निवासी पप्पू बघेल अपनी पत्नी के साथ सादाबाद-जलेसर मार्ग के किनारे भेड़ें चरा रहे थे। इसी दौरान जलेसर की ओर से आए तेज रफ्तार टेंपो ने भेड़ों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घायल भेड़ों का इलाज कराया जा रहा है, जबकि मृत भेड़ों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पप्पू बघेल ने कोतवाली में टेंपो और उसके अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page