सादाबाद (सहपऊ) 04 नवंबर। जिला परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को क्षेत्र के गांव मकनपुर स्थित क्रीड़ांगन में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न आयु वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, गति और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक स्तर की बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिखरा के समर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में बुढ़ाइच की पिंकी प्रथम रहीं। 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में धाधऊ के राघव और बालिका वर्ग में थरौरा की जान्हवी ने बाजी मारी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से शिखरा के दीपक और बालिका वर्ग में थरौरा की तनु प्रथम रहीं। 200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से अंकुश और बालिका वर्ग में परसौरा की कुमीनू ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में शिखरा के निशांत और बालिका वर्ग में थरौरा की परी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं में उच्च प्राथमिक विद्यालय आरती की टीम ने बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि धाधऊ विद्यालय की टीम उपविजेता रही। खो-खो प्रतियोगिता में थरौरा विद्यालय की टीम विजेता और नगला रमजू विद्यालय की टीम उपविजेता बनी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अध्यापक वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर प्रदान करना रहा। इस अवसर पर योगेश कुमार, सत्यपाल चौधरी, हरी सिंह, मुनेश कुमार, अनिल कुमार, तरुण चौधरी, बहोरन लाल सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक मौजूद रहे।







