
हाथरस 14 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूली वाहनों में डैश कैम (कैमरा) अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक स्कूली वाहन में डैश कैम, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस ट्रैकर, मेडिकल किट, आपातकालीन निकासी व्यवस्था एवं फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर भी बैठक आयोजित कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई स्कूली वाहन निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों को विद्यालय स्तर पर परिवहन सुरक्षा समिति का गठन करने, वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्कूल वाहनों की समय-समय पर फिटनेस जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए।
डीएम ने परिवहन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों का नियमित निरीक्षण किया जाए। यदि कोई वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कूली एवं निजी वाहनों से आने वाले बच्चों को विद्यालय परिसर के अंदर ही उतारा जाए तथा छुट्टी के बाद भी परिसर के अंदर से ही सुरक्षित तरीके से वाहनों में बैठाया जाए। इस व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि ई-रिक्शा से बच्चों का स्कूल आना पूरी तरह रोका जाए। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई स्कूल शासन के परिवहन संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करता है तो संबंधित वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने परिवहन विभाग के प्रवर्तन दलों द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सभी उपजिलाधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं वाहन संचालक उपस्थित रहे।











