
सासनी 10 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पकौड़े बेचकर रोजगार करने वाले बयान को याद दिलाते हुए हाथरस जिले के सासनी में छोटे दुकानदारों और फुटकर विक्रेताओं ने पुलिस के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे दुकानदारों ने पुलिस की कथित मनमानी पर तंज कसते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों की तख्तियों पर लिखे संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों की एक तख्ती पर लिखा था, ‘मोदी जी, आप कहते हैं पकौड़े बेचो और अपना धंधा करो, लेकिन इसे बेचने हम कहां जाएं? अपनी दुकान पर न बेचें तो क्या घर पर बेचें?’ वहीं दूसरी तख्ती पर सासनी की थाना प्रभारी (SHO) को निशाने पर लेते हुए लिखा गया, ‘मोदी जी, आपकी SHO मैडम ने परेशान कर रखा है।’
दरअसल, दुकानदारों का आरोप है कि सासनी थाना प्रभारी के कथित दुर्व्यवहार और मनमाने रवैये के चलते छोटे व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि त्योहारों और बाजार के व्यस्त दिनों में वे अपनी दुकानों के बाहर थोड़ा-बहुत सामान रखकर कारोबार करते हैं, लेकिन अतिक्रमण हटाने के नाम पर पुलिस उन्हें लगातार परेशान करती है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिसकर्मी उनके साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं, दुकानों के बाहर रखा सामान भी उठाकर ले जाते हैं। दुकानदारों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूरी है तो उसे प्रशासनिक समन्वय और निर्धारित नियमों के तहत किया जाना चाहिए, न कि छोटे व्यापारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार करके। प्रदर्शन की खास बात यह रही कि विरोध करने वाले दुकानदार खुद को भाजपा समर्थक बता रहे हैं। उनका कहना है कि एक तरफ सरकार छोटे कारोबार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं स्थानीय स्तर पर उन्हें अपना रोजगार चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे अतिक्रमण के नाम पर किसी नियम का उल्लंघन नहीं करना चाहते, लेकिन कार्रवाई के बहाने कथित उत्पीड़न और दुर्व्यवहार भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सासनी थाना प्रभारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और छोटे दुकानदारों को राहत दिलाने की मांग की है। फिलहाल दुकानदारों के इन आरोपों पर पुलिस प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और छोटे दुकानदारों की समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाता है।
वहीँ अतिक्रमण हटाने को लेकर हो रहे विरोध के मामले में प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध कर रहे लोगों ने ही एनएचएआई के नाले पर अतिक्रमण कर रखा है। त्योहार को देखते हुए उनसे अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन इसी बात को लेकर वे विरोध कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी के अनुसार, त्योहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। उन्होंने विरोध की वजह इसी कार्रवाई को बताया है।










