
हाथरस 10 नवंबर । जिले में शराब की दुकानों पर पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने बुधवार को देशी शराब और कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का सघन निरीक्षण किया। क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने टीम के साथ विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर मदिरा के स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की जांच की। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, आगरा जोन और उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देशों के क्रम में जिला आबकारी अधिकारी हाथरस के मार्गदर्शन में की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। इसके साथ ही रैंडम आधार पर मदिरा की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर उनकी प्रमाणिकता का सत्यापन किया गया। आबकारी टीम ने दुकान संचालकों और विक्रेताओं को निर्देश दिए कि POS मशीन के माध्यम से प्रत्येक बोतल को 100 प्रतिशत स्कैन करने के बाद ही मदिरा की बिक्री की जाए। विभाग ने बिक्री प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य शराब की दुकानों पर स्टॉक की निगरानी, मदिरा की प्रमाणिकता और बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना है।











