Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। ब्रज के प्रसिद्ध विरक्त संत रमेश बाबा महाराज के गोलोक गमन पर हाथरस में श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी निकालकर उन्हें भावांजलि अर्पित की। बाबा महाराज के निधन की सूचना से ब्रज क्षेत्र के साथ-साथ हाथरस के भक्तों में भी शोक की लहर है। विदित हो कि श्री रमेश बाबा महाराज का 6 अक्टूबर मंगलवार को गोलोक गमन हो गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर को उनकी अंत्येष्टि की गई। बाबा महाराज के निधन से ब्रज के संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक व्याप्त है। बृहस्पतिवार सुबह बाबा महाराज को श्रद्धांजलि देने के लिए कमला बाजार स्थित बड़ी कोठी बंदरबन के मंदिर श्री बांके बिहारी जी से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रभात फेरी सासनी गेट, क्रांति चौक, सरक्यूलर रोड, चमन गली चौराहा, मेंडू गेट चौराहा, चक्की बाजार, सब्जी मंडी चौराहा, नयागंज, बारहद्वारी, पत्थर बाजार, लोहट बाजार, रुई की मंडी, नजिहाई बाजार, चौक सर्राफा और गुड़हाई बाजार होते हुए पुनः कमला बाजार पहुंची, जहां प्रभात फेरी का समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भावनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रमेश बाबा महाराज केवल ब्रज के ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के पूज्य संतों में से एक थे। उनका जीवन ब्रज की भक्ति, साधना और सेवा के लिए समर्पित रहा। वक्ताओं ने कहा कि बाबा महाराज अब श्रीजी के विग्रह में विलीन हो गए हैं, लेकिन उनके विचार, भक्ति और सेवा की प्रेरणा सदैव श्रद्धालुओं के बीच बनी रहेगी। प्रभात फेरी में अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, रोचक जैन, योगेंद्र मोहन शर्मा, अमित गोयल, विकास अग्रवाल, आशीष जैन, मनोज वार्ष्णेय, विजेंद्र दीक्षित एडवोकेट, कुलदीप गौड़, संदीप महेश्वरी, अशोक अग्रवाल, कन्हा गौड़, अशोक अग्रवाल पेशकार, सीताराम जी, बंटी भैया और संजय दीक्षित एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page