सादाबाद 25 जून।लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीएम के निर्देश पर कस्बे में पुलिस, प्रशासन और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अभियान चलाया। पांच संस्थानों के निरीक्षण में तीन में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें तत्काल सीज कर दिया गया। एक कोचिंग सेंटर पर कार्रवाई के बाद, शाम को एसडीएम मनीष चौधरी के नेतृत्व में पुलिस एवं फायर विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। टीम ने मथुरा अड्डा स्थित डीआरबी कोचिंग, जैतई रोड स्थित त्यागी लाइब्रेरी, कूपा रोड स्थित अग्रवाल लाइब्रेरी, जलेसर रोड स्थित सांई लाइब्रेरी और एक्सपर्ट लाइब्रेरी की जांच की। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की कमी, अग्निशमन उपकरणों का अभाव और आपातकालीन निकास की अपर्याप्त व्यवस्था जैसी खामियां पाई गईं। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने डीआरबी कोचिंग, त्यागी लाइब्रेरी एवं अग्रवाल लाइब्रेरी को तत्काल सीज कर दिया। वहीं, सांई लाइब्रेरी और एक्सपर्ट लाइब्रेरी को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम मनीष चौधरी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन संस्थानों में निर्धारित मानक पूरे नहीं पाए जाएंगे, उन्हें सीज करने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर के कोचिंग संचालकों और लाइब्रेरी प्रबंधकों में हड़कंप मच गया है। कई संचालक अब अपने संस्थानों में सुरक्षा मानकों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। छापामारी अभियान में एसडीएम के साथ पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना, नायब तहसीलदार वैष्णवी शर्मा. प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह तथा फायर सर्विस से पवन कुमार शामिल रहे।

























