Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 नवंबर। डीजी हेल्थ के निर्देश पर प्रदेश स्तर से गठित स्टेट रिव्यू टीम द्वारा जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। रविवार को टीम ने सादाबाद क्षेत्र के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और दो आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्टेट रिव्यू टीम के डॉक्टर ऋषि गोपाल एवं डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के डीजी हेल्थ के निर्देशों के क्रम में स्टेट रिव्यू मिशन के तहत यह निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को टीम ने बिसावर, मई और बिलारा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा ग्राम गढ़ी गुमानी एवं टीकैट में संचालित आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को चेकलिस्ट के आधार पर परखा गया। डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने बिसावर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। चेकलिस्ट के आधार पर जांच करने पर यहां अधिकांश व्यवस्थाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं संतोषजनक मिली हैं।हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां भी सामने आई हैं। इन कमियों में सुधार करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. डीके सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। टीम ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती न होने का मुद्दा भी सामने आया। महिला चिकित्सक नहीं होने से क्षेत्र की महिलाओं को उपचार और परामर्श के लिए असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही गई, जिससे यहां जल्द महिला चिकित्सक की तैनाती हो सके और क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। टीम के अनुसार जनपद में 14 से 18 नवंबर तक विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। एमओआईसी दानवीर सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page