Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 सितम्बर। आगरा रोड पर नगला झुन्ना के निकट सड़क पर बना गड्डा दो पहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। गड्ढे के कारण एक बाइक असंतुलित हो गई। इससे आगरा से हाथरस लौट रहे दंपती हादसे का शिकार हुए। बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल महिला की पहचान गीता देवी पत्नी रमेश चंद्र, निवासी सीयलखेड़ा, हाथरस के रूप में हुई है। गीता देवी अशोका टॉकीज इलाके में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती हैं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगला झुन्ना पुलिया के पास सड़क पर काफी समय से गड्डा बना है। रात के समय यहां से गुजरने वाले बाइक सवारों को गड्डा दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन असंतुलित हो जाते हैं। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की स्थिति को लेकर अधिकारियों को कई बार बताया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद गड्ढे को भरने या सड़क की मरम्मत कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि ब्रजभूमि एक्सप्रेसवे से जुड़े अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह गड्डा हादसों की वजह बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page